दुष्कर्म के आरोपी पर कार्रवाई में देरी क्यों? एफआईआर के बाद भी गिरफ्तारी नहीं, पीड़िता बोली- आरोपी दे रहा धमकी
दुष्कर्म के आरोपी पर कार्रवाई में देरी क्यों? एफआईआर के बाद भी गिरफ्तारी नहीं, पीड़िता बोली- आरोपी दे रहा धमकी

महिला थाना प्रभारी आराधना सिंह परिहार की कार्यशैली पर उठे सवाल, पीड़िता का आरोप- एसपी कार्यालय तक लगानी पड़ी न्याय की गुहार
सिंगरौली : शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, जबरन गर्भपात कराने, मारपीट और जान से मारने की धमकी जैसे गंभीर आरोपों में महिला थाना पुलिस द्वारा मामला दर्ज किए जाने के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है। पीड़िता का आरोप है कि एफआईआर दर्ज होने के बावजूद आरोपी खुलेआम घूम रहा है, उसके घर पहुंचकर उसे और उसके परिजनों को धमका रहा है, लेकिन महिला थाना पुलिस अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं कर सकी पीड़िता का कहना है कि महिला थाना में शिकायत दर्ज कराने के लिए उसे कई दिनों तक संघर्ष करना पड़ा। जब थाना स्तर पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई तो उसे पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक पहुंचकर न्याय की गुहार लगानी पड़ी। पीड़िता का दावा है कि मीडिया के हस्तक्षेप के बाद ही महिला थाना पुलिस ने आरोपी अमन सिंह के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की एफआईआर दर्ज होने के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर अब महिला थाना प्रभारी आराधना सिंह परिहार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। पीड़िता का आरोप है कि शिकायत दर्ज होने की जानकारी मिलते ही आरोपी उसके घर पहुंचा, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बावजूद पुलिस ने उसे गिरफ्तार नहीं किया, जिससे वह और उसका परिवार लगातार भय में जी रहे हैं पीड़िता का कहना है कि यदि आरोपी के खिलाफ समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी भी समय गंभीर घटना हो सकती है। उसने पुलिस प्रशासन से तत्काल गिरफ्तारी और परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है उधर, महिला थाना प्रभारी आराधना सिंह परिहार का कहना है कि मामले में एफआईआर दर्ज कर विवेचना की जा रही है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए वैधानिक प्रक्रिया अपनाई जा रही है अब बड़ा सवाल यह है कि जब पीड़िता लगातार सुरक्षा की गुहार लगा रही है और आरोपी पर धमकी देने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं, तब गिरफ्तारी में देरी की वजह क्या है? इस सवाल का जवाब पुलिस की आगामी कार्रवाई ही दे पाएगी।













