ज्वेलरी शॉप में लूट की वारदात का सीसीटीवी फुटेज आया सामने
आरोपियों की धरपकड़ के लिए रात भर चली दबिश, दो आरोपी गिरफ्तार- सूत्र

सिंगरौली जिले के विन्ध्यनगर थाना क्षेत्र की जयंत चौकी अंतर्गत बजरंग परिसर स्थित कंचन ज्वेलर्स में गुरुवार शाम हथियारबंद बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने दुकान में घुसकर हथियार के दम पर लोगों को धमकाया और फायरिंग की। घटना में दुकान में काम कर रहे राहुल विश्वकर्मा घायल हो गए। वारदात के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में दुकान के अंदर बदमाशों की गतिविधियां साफ दिखाई दी। इनमें 4 आरोपी दुकान के अंदर दाखिल हुए, जबकि 2 अन्य बाहर से निगरानी कर रहे गोली लगने के बाद भी कर्मचारी पर किया हमला गुरुवार शाम करीब 6 बजे बदमाश कंचन ज्वेलर्स में पहुंचे हथियारों के दम पर उन्होंने दुकान में मौजूद लोगों को धमकाया। इसी दौरान राहुल विश्वकर्मा पर फायरिंग की गई। गोली उनके हाथ में लगी। इसके बाद बदमाशों ने उनके सिर पर भी हथियार से वार किया, जिससे वह घायल होकर गिर पड़े। राहुल को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया
सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार
कर्मचारी के घायल होने के बाद बदमाशों ने दुकान के शोकेस और काउंटर में रखे 500 ग्राम सोना और करीब 2.5 लाख कैश को लेकर फरार हो गए थे
सोनभद्र से दो संदिग्धों के पकड़े जाने की चर्चा
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक शियाज के एम ने जिले की सीमाओं और बाहर जाने वाले रास्तों पर निगरानी बढ़ा दी। साथ ही सोनभद्र एसपी से संपर्क साधकर वहां भी तलाश जारी कराई। सूत्रों के अनुसार देर रात सोनभद्र क्षेत्र से दो संदिग्धों को पकड़ा गया है। दोनों को नेहरू शताब्दी चिकित्सालय में उपचार के लिए ले जाने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि पुलिस की ओर से इस संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है
देर रात पहुंचे डीआईजी, पुलिस की कई टीमें जांच में जुटीं
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके की जानकारी लेने में जुटे हैं। सूत्रों के मुताबिक डीआईजी हेमंत चौहान देर रात सिंगरौली पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से घटना तथा अब तक की कार्रवाई की जानकारी ली पुलिस सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य माध्यमों से आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।













