संजय नगर में ‘पानी पर कब्जा रात में चोरी-छुपे सप्लाई, दिन में जनता प्यास से बेहाल
संजय नगर में ‘पानी पर कब्जा रात में चोरी-छुपे सप्लाई, दिन में जनता प्यास से बेहाल

कटनी। मनोज सिंह परिहार की रिपोर्ट
कटनी नगर निगम क्षेत्र के डॉ. जाकिर हुसैन वार्ड अंतर्गत संजय नगर में इन दिनों पानी की किल्लत नहीं, बल्कि “पानी पर कब्जे की राजनीति” चर्चा का विषय बनी हुई है। खम्परिया मोहल्ले में स्थित इकलौते बोर की चाबी को लेकर ऐसा विवाद खड़ा हो गया है, जिसने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं भीषण गर्मी के बीच जहां आम जनता पानी के लिए दर-दर भटक रही है, वहीं बोर की चाबी एक कथित “खास व्यक्ति” के पास होने का आरोप सामने आया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह व्यक्ति नेताओं के करीबी होने के चलते पूरे सिस्टम को प्रभावित कर रहा है सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि बोर से पानी की सप्लाई रात 12 बजे से लेकर 2:30 बजे के बीच की जा रही है—जब अधिकांश लोग सो रहे होते हैं। ऐसे में सुबह जब लोग पानी के लिए पहुंचते हैं, तो उन्हें यह कहकर लौटा दिया जाता है कि “रात में सप्लाई हो चुकी है इस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए वार्ड वासियों का कहना है कि नगर निगम द्वारा पानी सप्लाई के लिए नियमित कर्मचारी नियुक्त किए गए हैं, जिन्हें वेतन भी दिया जा रहा है। इसके बावजूद बोर की चाबी किसी बाहरी व्यक्ति को सौंपना साफ तौर पर लापरवाही और संभावित मिलीभगत को दर्शाता है जब इस संबंध में जनप्रतिनिधियों से बात की गई, तो उन्होंने अनभिज्ञता जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें नहीं पता चाबी किसके पास है। ऐसे में यह सवाल और गहराता है कि आखिर रात के अंधेरे में पानी की सप्लाई किसके इशारे पर हो रही है संजय नगर की यह स्थिति अब केवल पानी संकट नहीं, बल्कि प्रशासनिक विफलता और जवाबदेही के अभाव की कहानी बन चुकी है।
जनता की प्रमुख मांगें:
बोर की चाबी तुरंत नगर निगम के अधिकृत कर्मचारी को सौंपी जाए पानी सप्लाई का समय निर्धारित कर सार्वजनिक किया जाए पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए जब पानी जैसी बुनियादी जरूरत भी “सेटिंग” के सहारे बंटने लगे, तो यह साफ संकेत है कि व्यवस्था कहीं न कहीं पूरी तरह पटरी से उतर चुकी है।













