ओवरलोड राखड़ और बिना तिरपाल परिवहन पर परिवहन विभाग का सख़्त प्रहार
ओवरलोड राखड़ और बिना तिरपाल परिवहन पर परिवहन विभाग का सख़्त प्रहार

सिंगरौली में सघन जाँच अभियान, ₹4.04 लाख का राजस्व वसूला, प्रदूषण फैलाने वालों पर शिकंजा
सिंगरौली। सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को लेकर सिंगरौली प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिला कलेक्टर श्री गौरव बैनल के आदेश एवं क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री विक्रम सिंह राठौर के मार्गदर्शन में परिवहन विभाग द्वारा जिले भर में सघन जाँच एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर रोक, प्रदूषण नियंत्रण तथा परिवहन नियमों का सख़्ती से पालन सुनिश्चित करना रहा। इस दौरान ओवरलोडिंग, बिना तिरपाल राखड़ (फ्लाई ऐश) परिवहन, प्रदूषण मानक उल्लंघन एवं दस्तावेजों की कमी जैसे मामलों में दर्जनों मालवाहक वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई।
राखड़, कोयला और गिट्टी के खुले परिवहन पर कड़ी कार्रवाई
परिवहन विभाग की टीम ने विशेष रूप से कोयला, रेत, गिट्टी और राखड़ का बिना तिरपाल परिवहन करने वाले वाहनों को चिन्हित किया। खुले वाहनों से उड़ती राखड़ न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रही थी, बल्कि आम नागरिकों के स्वास्थ्य और सड़क सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बन रही थी।
इन मार्गों पर चला अभियान
जाँच अभियान को रणनीतिक रूप से जिले के प्रमुख मार्गों पर संचालित किया गया, जिनमें—
परसौना चौकी से बारीगंवा बायपास
विंध्यनगर–तेलदहा–शक्तिनगर मार्ग
बंधा–उज्जैनी–सरई मार्ग
झींगुर्दा से शुक्ला मोड़ तक
इन मार्गों पर चल रहे भारी मालवाहक वाहनों की ओवरलोडिंग, PUC, बीमा, फिटनेस एवं अन्य वैधानिक दस्तावेजों की गहन जाँच की गई।
₹4 लाख 04 हजार का शासकीय राजस्व वसूला
अभियान के दौरान ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यमों से कुल ₹4 लाख 04 हजार रुपये का शासकीय राजस्व वसूल किया गया। यह कार्रवाई परिवहन नियमों की अनदेखी करने वालों के लिए कड़ा संदेश मानी जा रही है।
रात्रिकालीन दुर्घटनाओं पर लगाम, लगाए गए रेडियम रिफ्लेक्टर
पुलिस अधीक्षक श्री मनीष खत्री के निर्देशानुसार सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चिन्हित मालवाहक वाहनों में रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए गए, जिससे रात के समय वाहनों की दृश्यता बढ़े और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो।
अभद्रता पर FIR की चेतावनी
परिवहन विभाग ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि शासकीय कार्यवाही में बाधा डालने, विवाद करने या शासकीय सेवकों से अभद्रता करने वालों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत FIR दर्ज की जाएगी।
आरटीओ का सख़्त संदेश
संवाददाता से चर्चा में आरटीओ श्री विक्रम सिंह राठौर ने कहा—
“यह अभियान केवल दंडात्मक नहीं, बल्कि जनजागरूकता के उद्देश्य से भी चलाया जा रहा है। सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण से किसी भी स्थिति में समझौता नहीं किया जाएगा। नियम तोड़ने वालों के विरुद्ध सख़्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।”












