19 टोल प्लाजा बंद: पंजाब सरकार का बड़ा फैसला
आम आदमी को सम्मान और राहत का कदम — अनिल सिंह सेंगर

कटनी : आमआदमी पार्टी की पंजाब सरकार द्वारा राज्य में 19 टोल प्लाजा बंद किए जाने के निर्णय का कटनी में आम आदमी पार्टी जिला अध्यक्ष अनिल सिंह सेंगर ने जोरदार स्वागत किया है। उन्होंने इस फैसले को “आम आदमी के सम्मान, अधिकार और आर्थिक राहत” से जुड़ा ऐतिहासिक कदम बताया अनिल सिंह सेंगर ने कहा कि जब कोई नागरिक वाहन खरीदता है, तो वह पहले ही सरकार को भारी टैक्स अदा करता है। इसके बावजूद सड़कों पर बार-बार टोल टैक्स वसूलना आम जनता के साथ अन्याय है। उन्होंने सवाल उठाया कि एक ही सुविधा के लिए जनता से दोहरी वसूली आखिर क्यों?
लाखों वाहन चालकों को सीधी राहत
आप जिला अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब सरकार का यह निर्णय केवल आर्थिक बचत तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आम आदमी की गरिमा और अधिकारों से जुड़ा हुआ है।
19 टोल प्लाजा बंद होने से रोज़ाना लाखों वाहन चालकों को सीधी राहत मिलेगी। इससे परिवहन लागत घटेगी, जिसका फायदा व्यापारियों, किसानों और आम परिवारों को मिलेगा।
नीत साफ हो तो फैसले बड़े होते हैं
अनिल सिंह सेंगर ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने यह साबित कर दिया है कि यदि नीयत साफ हो तो जनता के हित में बड़े और साहसिक निर्णय लिए जा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि यह फैसला दिखाता है कि राजनीति केवल राजस्व बढ़ाने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता के जीवन को सरल और सम्मानजनक बनाने का जरिया भी हो सकती है।
अन्य राज्यों से की अपील
सेंगर ने अन्य राज्यों की सरकारों से अपील की कि वे पंजाब मॉडल से सीख लेते हुए टोल टैक्स के बोझ से जनता को राहत देने पर गंभीरता से विचार करें।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि “जनता का पैसा जनता के लिए है, दोहरी वसूली का दौर अब खत्म होना चाहिए।”
जनहित में फैसलों की मिसाल
आप जिला अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब सरकार का यह निर्णय देशभर की राजनीति के लिए एक उदाहरण है, जो यह दर्शाता है कि यदि सरकार चाहे तो आम जनता को महंगाई और अनावश्यक आर्थिक बोझ से राहत दी जा सकती है।












