कटनी में कानून की धज्जियां उड़ाई जा रही! प्रशासन के प्रतिबंध को ठेंगा दिखाकर रात के अंधेरे में धड़ल्ले से चल रहा अवैध बोरिंग का काला खेल
कटनी में कानून की धज्जियां उड़ाई जा रही! प्रशासन के प्रतिबंध को ठेंगा दिखाकर रात के अंधेरे में धड़ल्ले से चल रहा अवैध बोरिंग का काला खेल

कटनी से मनोज सिंह परिहार की रिपोर्ट
कटनी जिले में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमराती नजर आ रही है। गिरते जल स्तर को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा बोरिंग/नलकूप पर सख्त प्रतिबंध लगाया जा चुका है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट दिखाई दे रही है। प्रशासन के आदेश कागजों तक सीमित रह गए हैं, जबकि जमीन पर माफिया खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं जबलपुर रोड स्थित भास्कर ढाबा के पीछे देर रात ट्रैक्टर और भारी मशीनों की मदद से अवैध बोरिंग का काम बेखौफ तरीके से किया जा रहा है। यह पूरा खेल रात के अंधेरे में संचालित हो रहा है, जिससे साफ जाहिर होता है कि कानून को जानबूझकर ताक पर रखा जा रहा है और जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं।
👉 माफिया के आगे नतमस्तक प्रशासन?
एक ओर प्रशासन जल संरक्षण को लेकर सख्ती के बड़े-बड़े दावे कर रहा है, वहीं दूसरी ओर बोरिंग माफिया बिना किसी डर के सक्रिय हैं यह स्थिति कई गंभीर सवाल खड़े करती है—
क्या प्रशासन को इस अवैध गतिविधि की भनक नहीं है ” अगर जानकारी है तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई?आखिर किसके संरक्षण में यह अवैध कारोबार फल-फूल रहा है?
गहराता जल संकट, बढ़ती लापरवाही
कटनी जिले में लगातार गिरते जल स्तर ने पहले ही हालात चिंताजनक बना दिए हैं। कई इलाकों में पानी की किल्लत शुरू हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद इस तरह की अवैध बोरिंग भविष्य के लिए खतरे की घंटी है। यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई, तो आने वाले दिनों में जल संकट विकराल रूप ले सकता है
रात के अंधेरे में चल रहा पूरा नेटवर्क
सूत्रों के अनुसार, वाहन क्रमांक (1) KA01AQ3101 (2) KA01MP6945 के माध्यम से बिना किसी वैध अनुमति के बोरिंग कार्य को अंजाम दिया जा रहा है। यह न सिर्फ नियमों का उल्लंघन है, बल्कि प्रशासनिक आदेशों की खुलेआम अवहेलना भी है।
जनता में आक्रोश, कार्रवाई की मांग तेज
स्थानीय लोगों में इस पूरे मामले को लेकर भारी आक्रोश है। जनता ने प्रशासन से तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है—
✔ मौके पर छापेमारी की जाए
✔ बोरिंग मशीन और संबंधित वाहनों को जब्त किया जाए
✔ दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर जागेगा या फिर बोरिंग माफिया यूं ही कानून को रौंदते रहेंगे? अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो यह लापरवाही आने वाले समय में कटनी के लिए जल संकट की भयावह तस्वीर साबित हो सकती है













