150 पुलिसकर्मी, 200 CCTV और लगातार दबिश… आखिर मिल गई अपहृत बालिका
माजन मोड़ से झारखंड तक चला पुलिस का सर्च ऑपरेशन, मासूम सुरक्षित बरामद

सिंगरौली। बस स्टैंड बैढ़न से अगवा हुई 2 वर्षीय बालिका को सिंगरौली पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर झारखंड से सकुशल बरामद कर लिया इस मामले में पुलिस ने आरोपी विनोद महतो निवासी ग्राम मासीसोता थाना बालूमार जिला लातेहार (झारखंड) को गिरफ्तार किया है। पूरी कार्रवाई “मुस्कान अभियान” के तहत की गई, जिसमें तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर सूचना और पुलिस टीमों की लगातार मेहनत अहम साबित हुई जानकारी के अनुसार 16 मई 2026 को अर्जुन सिंह पिता शंकर सिंह गोंड़ निवासी ग्राम नगौर चटनिया टोला थाना जियावन ने बैढ़न थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 15 मई की रात वह अपनी 2 वर्षीय पुत्री मनीषा सिंह के साथ बस स्टैंड बैढ़न में सो रहा था। देर रात जब उसकी नींद खुली तो बच्ची गायब थी आसपास तलाश के बावजूद कोई जानकारी नहीं मिलने पर परिजनों ने अज्ञात व्यक्ति द्वारा बच्ची को बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताई मामले में थाना बैढ़न में अपराध क्रमांक 582/2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री सियाज के.एम. के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा एवं प्रभारी नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर राहुल सैंयम के मार्गदर्शन में विशेष एसआईटी का गठन किया गया। उप पुलिस अधीक्षक रोशनी पटेल सहित जिले के विभिन्न थाना और चौकी प्रभारियों को मिलाकर 10 टीमों में करीब 150 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को लगाया गया। वहीं अज्ञात आरोपी की गिरफ्तारी के लिए ₹10 हजार के इनाम की घोषणा भी की गई बालिका की तलाश के लिए जिलेभर में व्यापक अभियान चलाया गया। सिंगरौली सहित सीमावर्ती जिलों और उत्तर प्रदेश के एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग विंग सोनभद्र को सूचना भेजी गई। बैढ़न शहर में लगे लगभग 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई इसके अलावा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, अस्पताल, डैम, नदियों और सुनसान इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस ने बच्ची के फोटो वाले पम्पलेट सार्वजनिक स्थानों, बसों और ऑटो में चस्पा कराए तथा सोशल मीडिया के जरिए भी जानकारी प्रसारित की जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि 16 मई की रात करीब 1:30 बजे एक संदिग्ध व्यक्ति ट्रामा सेंटर रोड बैढ़न से बिलौंजी की ओर एक छोटी बच्ची को लेकर जाते देखा गया है पुलिस ने संबंधित मार्ग के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें संदिग्ध बच्ची के साथ दिखाई दिया। आगे की जांच में पता चला कि वह माजन मोड़ पर बस से उतरा था। बस चालक और कंडक्टर से पूछताछ में सामने आया कि संदिग्ध नौगढ़ जाने का रास्ता पूछ रहा था इसके बाद पुलिस ने माजन मोड़ से नौगढ़ मार्ग तक लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की और करीब 150 ऑटो चालकों व 25 बस चालकों से पूछताछ की एक ऑटो चालक ने बताया कि उसने संदिग्ध और बच्ची को नौगढ़ स्थित विजय बंधु पेट्रोल पंप के पास छोड़ा था पुलिस ने ग्राम नौगढ़ में करीब 150 पुलिसकर्मियों के साथ घर-घर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान शबनम परवीन नामक महिला ने पुलिस को बताया कि संदिग्ध व्यक्ति बच्ची के साथ उसके घर आया था और उसका नाम विनोद महतो है, जो झारखंड के लातेहार जिले का रहने वाला है। महिला ने यह भी बताया कि आरोपी बच्ची को लेकर झारखंड चला गया है सूचना मिलते ही पुलिस की दो विशेष टीमें तत्काल झारखंड रवाना हुईं। पुलिस ने लातेहार जिले के ग्राम मासीसोता में दबिश देकर आरोपी विनोद महतो को गिरफ्तार कर लिया और 2 वर्षीय मनीषा सिंह को सकुशल बरामद कर लिया इसके बाद बच्ची को उसके परिजनों को सौंप दिया गया इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी बैढ़न निरीक्षक अशोक सिंह परिहार, थाना प्रभारी विंध्यनगर अर्चना द्विवेदी, थाना प्रभारी नवानगर डॉ. अनिल पटेल, थाना प्रभारी माड़ा शिवपूजन मिश्रा, महिला थाना प्रभारी आराधना सिंह, थाना प्रभारी बरगवां मो. समीर, थाना प्रभारी मोरवा जालेंद्र सिंह सहित साइबर सेल और विभिन्न चौकी प्रभारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही….













