कटनी में सूदखोर का आतंक: पुलिस के दरवाजे से ठुकराई पीड़िता, CM हेल्पलाइन पर लगाई गुहार
कटनी में सूदखोर का आतंक: पुलिस के दरवाजे से ठुकराई पीड़िता, CM हेल्पलाइन पर लगाई गुहार

कटनी: आनंद दाहिया
कटनी शहर के आजाद चौक क्षेत्र में सूदखोरी का जाल एक बार फिर उजागर हुआ है, जहां सूदखोर मंटू गुप्ता की प्रताड़ना से त्रस्त महिला रजनी गुप्ता को न्याय के लिए दर-दर भटकना पड़ा। पुलिस अधीक्षक (SP) और सीएसपी को शिकायत देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई न होने पर पीड़िता ने आखिरकार मोहन सरकार की CM हेल्पलाइन का सहारा लिया है।
धमकियों के साये में जी रहा परिवार
पीड़िता रजनी गुप्ता, पति नीतेश गुप्ता ने आरोप लगाया कि सूदखोर मंटू गुप्ता ने उनकी एक्सेस गाड़ी और करीब तीन तोले की सोने की चेन हड़प ली है। इतना ही नहीं, 27 फरवरी 2026 से आरोपी लगातार जान से मारने की धमकी दे रहा है, जिससे पूरा परिवार दहशत में है।
शिकायत के बाद भी कार्रवाई शून्य
पीड़िता ने बताया कि उसने सीएसपी और सिटी कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दी, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उल्टा आरोपी अब शिकायत वापस लेने का दबाव बना रहा है, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
CM हेल्पलाइन बनी आखिरी उम्मीद
निराश होकर पीड़िता ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उसने स्पष्ट कहा है कि स्थानीय पुलिस की निष्क्रियता के चलते आरोपी के हौसले बुलंद हैं और उसे व उसके परिवार को लगातार खतरा बना हुआ है।
कोतवाली प्रभारी ने नहीं दिया जवाब
मामले में कोतवाली थाना प्रभारी सुश्री राखी पांडे से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनका कोई पक्ष सामने नहीं आया पीड़िता का कहना है कि यदि उसके परिवार के साथ कोई अनहोनी होती है, तो उसका जिम्मेदार सीधे तौर पर आरोपी मंटू गुप्ता होगा। अब बड़ा सवाल यह है कि SP और CSP की चुप्पी के बाद क्या CM हेल्पलाइन से पीड़िता को न्याय मिल पाएगा या यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा?













